बिलासपुर, 18 सितम्बर 2026। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर धारदार बटनदार चाकू दिखाकर लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को रतनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि बड़ीबाजार रतनपुर में निजाम अली उर्फ अश्शू नामक युवक बटनदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। आरोपी द्वारा चाकू दिखाते हुए वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित किया गया। इस वीडियो के जरिए क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न होने की सूचना पुलिस को मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने नूतन चौक बड़ीबाजार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निजाम अली उर्फ अश्शू, पिता रजब अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी बड़ीबाजार रतनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक आकाश डोंगरे और धनराज कुम्भकार की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का संदेश दिया है।







