रायगढ़, 21 नवंबर 2026। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ SP (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रमुख शामिल हुए। इस दौरान लंबित अपराधों के निराकरण, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्त, सामुदायिक पुलिसिंग और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को वर्षांत से पहले थानों में लंबित अपराधों की पेंडेंसी 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य दिया। इसके लिए अगले एक महीने में अधिक से अधिक लंबित मामलों का निराकरण करने और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज अपराधों का निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। विवेचना पूरी होने के बाद लंबित चालान जल्द न्यायालय में प्रस्तुत करने और प्रत्येक प्रकरण की जानकारी सीसीटीएनएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। लंबित मर्ग मामलों का तीन महीने के भीतर निराकरण करने को भी कहा गया।
ठंड में चोरी रोकने रात्रि गश्त होगी तेज
ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त मजबूत करने के निर्देश दिए। आसपास के जिलों से बाहरी गिरोहों की आवाजाही की सूचनाओं को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। जिले के पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा कर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
ऑपरेशन आघात और अंकुश सहित अभियानों की समीक्षा
बैठक में ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन अंकुश, ऑपरेशन प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ने आबकारी एक्ट, जुआ और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। सक्रिय बदमाशों के विरुद्ध गुंडा और निगरानी बदमाश की फाइल तैयार करने तथा जिला बदर के लिए अधिक से अधिक प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
इसके साथ ही सट्टा खाईवालों की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त कराने के लिए नवीन कानूनों के तहत कार्रवाई की तैयारी करने के निर्देश दिए गए। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों की विशेष समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया।
गुम इंसानों की तलाश और लंबित शिकायतों के निराकरण पर जोर
एसएसपी ने गुम बालक-बालिकाओं और अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी के लिए नए सिरे से प्रयास करने को कहा। इसके लिए परिजनों, रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ करने के साथ मोबाइल फोन, आधार कार्ड सहित उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त लंबित शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
किराएदारों का सत्यापन अनिवार्य, अवैध प्रवासियों पर रहेगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए। मकान मालिकों को किराएदारों की पूरी जानकारी सिटीजन पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध रूप से निवासरत लोगों और अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों की पहचान कर बिना वैध दस्तावेजों के रहने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। होटल, लॉज और अन्य अस्थायी निवास स्थलों की नियमित जांच करने पर भी जोर दिया गया।
तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिदिन अभियान चलाकर तेज रफ्तार वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक के दूसरे चरण में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने फरार आरोपियों, वारंटियों और गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी के लिए NETGRID सॉफ्टवेयर का अधिकाधिक उपयोग करने तथा संबंधित डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक अपराध में ई-साक्ष्य तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सिद्धांत तिवारी, सतीश भार्गव, उत्तम प्रताप सिंह, शिखर मरावी, रोहित शुक्ला, सुशांतो बनर्जी, एफएसएल अधिकारी, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना, चौकी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।







