Home / Chhattisgarh / चक्रवात के बादल और बूंदाबांदी के बीच देवउठनी एकादशी पर घर-घर हुआ तुलसी विवाह

चक्रवात के बादल और बूंदाबांदी के बीच देवउठनी एकादशी पर घर-घर हुआ तुलसी विवाह

ख़बर शेयर करें:

0.दो मुहूर्त के चलते जिले में दो दिन मनेगा पर्व, बाजारों में रही रौनक

कोरबा, 21 नवंबर 2026। चातुर्मास के समापन और मांगलिक कार्यों की शुरुआत के प्रतीक देवउठनी एकादशी का पर्व कोरबा जिले में शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के प्रभाव से आसमान में छाए बादलों और हल्की बूंदाबांदी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार घरों में तुलसी-शालिग्राम का पूजन कर विवाह की रस्में निभाईं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह के आयोजन हुए और घरों में पूजा-पाठ का माहौल बना रहा।

चक्रवात से बने बादलों और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी के बीच भी लोग रेनकोट पहनकर बाजारों में खरीदारी करने पहुंचे। कई स्थानों पर गलियों और बाजारों में भीड़भाड़ देखने को मिली। पूजा सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। मौसम की बेरुखी और त्योहार की उमंग के बीच बाजारों में अच्छी रौनक रही।

पंचांग की गणना और दो मुहूर्त होने के कारण जिले में देवउठनी एकादशी का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी-शालिग्राम की पूजा की और विवाह की परंपरा निभाई। वहीं, जिन परिवारों में दूसरे मुहूर्त अथवा उदया तिथि के अनुसार पूजा की परंपरा है, वे शनिवार को व्रत रखकर धूमधाम से देवउठनी एकादशी मनाएंगे। इसी वजह से शनिवार तक बाजारों में त्योहार की चहल-पहल बने रहने की उम्मीद है।

शहर के पुराना बस स्टैंड, पावर हाउस रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, दर्री, कटघोरा, बालको और करतला सहित विभिन्न बाजारों में गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, आंवला और बेर की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। हल्की बारिश और भीगते गलनों के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई खरीदारों ने दोनों दिन के हिसाब से पूजन सामग्री और गन्ने की खरीदारी की। ग्रामीण अंचलों से आए विक्रेताओं को भी मौसम की चुनौती के बीच हुई बिक्री से संतोष रहा। शनिवार को भी अच्छी ग्राहकी की उम्मीद जताई जा रही है।

देवउठनी एकादशी के साथ ही चार माह के चातुर्मास का समापन हो गया है। इसके साथ ही विवाह सहित अन्य शुभ एवं मांगलिक कार्यों का सिलसिला भी शुरू होने जा रहा है। जिलेभर के घरों और मंदिरों में शंख-घंटियों की गूंज के बीच ‘उठो देव बैठो देव’ के जयकारों के साथ भगवान विष्णु को जगाने की पूजा की गई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाए गए पर्व ने पूरे जिले में धार्मिक वातावरण बना दिया।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *