Home / Chhattisgarh / धमतरी की रश्मि दुबे ने जीता मिसेज शाइन का खिताब, मिस टैलेंटेड अवार्ड से भी हुईं सम्मानित

धमतरी की रश्मि दुबे ने जीता मिसेज शाइन का खिताब, मिस टैलेंटेड अवार्ड से भी हुईं सम्मानित

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 21 नवंबर 2026। प्रतिभा, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर धमतरी की रश्मि दुबे ने प्रदेश स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘दिवा ऑफ छत्तीसगढ़ 2026’ सीजन-7 प्रतियोगिता में रश्मि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिसेज शाइन का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्हें मिस टैलेंटेड अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दो खिताब जीतने पर उनके परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है।

राजधानी रायपुर के बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता मिस्टर, मिसेज और टीन कैटेगरी में आयोजित की गई थी। करीब तीन महीने पहले शुरू हुई ऑडिशन प्रक्रिया के बाद चयनित प्रतिभागियों को दो दिवसीय आयोजन में अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

धमतरी की रश्मि दुबे ने मिसेज कैटेगरी में हिस्सा लिया था। शुरुआती ऑडिशन में चयनित होने के बाद उन्होंने प्रदेश स्तर पर अपनी जगह बनाई और प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मिसेज शाइन के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा उन्होंने मिस टैलेंटेड का अवार्ड भी हासिल किया।

रश्मि दुबे ने बताया कि पहली बार इस तरह के बड़े मंच पर हिस्सा लेना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी रुचि और प्रतिभा को सामने लाने के लिए ऐसे आयोजनों में जरूर भाग लेना चाहिए। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और खुद को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

रश्मि के पति संतोष कुमार दुबे हेड कांस्टेबल हैं। पत्नी की इस उपलब्धि पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वे हमेशा चाहते थे कि रश्मि अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाएं और अपने सपनों को पूरा करें। इसी सोच के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पत्नी को प्रोत्साहित किया और हर कदम पर सहयोग दिया।

संतोष दुबे ने कहा कि पहली बार इतनी बड़ी प्रतियोगिता में शामिल होकर दो खिताब जीतना पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। भविष्य में रश्मि जिस भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाना चाहेंगी, परिवार उनका पूरा साथ देगा। अब रश्मि आगामी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गोवा जाने की तैयारी कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *