गुजरात। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर और कार के बीच जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे हुआ। परिवार के सदस्य कच्छ के रण (रन ऑफ कच्छ) घूमने के बाद भुज लौट रहे थे। इसी दौरान भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर उनकी कार की एक ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह पिचक गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में कई घंटे लग गए।
आर्मी जवानों के परिवार से जुड़े थे मृतक
कच्छ पश्चिम पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के रहने वाले थे। वे भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार के सदस्य और रिश्तेदार थे। मृतकों में तीन महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), उनकी तीन महीने की बेटी सिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका के रूप में हुई है।
राजस्थान में भी एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
इसी दिन राजस्थान में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास तीर्थयात्रियों से भरा वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वाहन में कुल 16 लोग सवार थे, जो खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के बताए गए हैं।
लगातार सामने आ रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वाहन चालकों से अपील है कि हाईवे पर गति सीमा का पालन करें, रात में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और कोहरे या कम दृश्यता की स्थिति में सुरक्षित गति बनाए रखें।







