धमतरी, 20 नवंबर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना अकला डोंगरी पुलिस ने ग्राम कोहका में दबिश देकर एक आरोपी के घर से 21 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 20 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से ग्राम कोहका में अवैध महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर थाना अकला डोंगरी पुलिस ने ग्राम कोहका निवासी भारत लाल मंडावी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना अकला डोंगरी में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भारत लाल मंडावी (57 वर्ष), पिता लहर सिंह मंडावी, निवासी ग्राम कोहका, थाना अकला डोंगरी, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
अवैध शराब की सूचना देने पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।






