Home / Chhattisgarh / BALCO Plant में अनोखे तरीके से कॉपर केबल चोरी, शरीर में तार लपेटकर निकल रहे थे दो युवक, 49 किलो तार के साथ गिरफ्तार

BALCO Plant में अनोखे तरीके से कॉपर केबल चोरी, शरीर में तार लपेटकर निकल रहे थे दो युवक, 49 किलो तार के साथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 17 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित बालको प्लांट में कॉपर केबल चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने सुरक्षा जांच से बचने के लिए चोरी का अनोखा तरीका अपनाया। दोनों आरोपियों ने तांबे के तार को कमर से छाती तक अपने शरीर में लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर प्लांट से बाहर निकलने की कोशिश की। हालांकि, प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49.280 किलोग्राम कॉपर केबल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना 15 नवंबर की रात 10 बजे से 16 नवंबर की सुबह 5 बजे के बीच की है। बालको प्लांट के CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से कॉपर वायर काटकर चोरी किया गया था। मामले में पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21) की संलिप्तता सामने आई है।

आरोपियों ने पहले केबल का प्लास्टिक कवर छीलकर तांबे के तार को अलग किया। इसके बाद तार को अपने शरीर में कमर से छाती तक लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान प्रोजेक्ट गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। जांच करने पर दोनों के शरीर में छिपाया गया कॉपर वायर बरामद हुआ और उन्हें पकड़ लिया गया।

49,280 रुपये कीमत का कॉपर वायर जब्त

शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोपियों से बरामद कॉपर केबल का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया गया, जो 49.280 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 49,280 रुपये बताई गई है। चोरी की गई केबल AIFL कंपनी की है। पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत की छत से छिले हुए प्लास्टिक कवर भी बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से कॉपर वायर के अलावा कटर और हेक्सा ब्लेड भी जब्त किए गए हैं।

रविवार को कर्मचारियों की छुट्टी का उठाना चाहते थे फायदा

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रविवार को अधिकांश कर्मचारियों के अवकाश पर रहने की संभावना को देखते हुए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। आरोप है कि ड्यूटी नहीं होने के बावजूद गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट में प्रवेश किया और सुनसान स्थान देखकर केबल काट ली। इसके बाद तार को शरीर में छिपाकर बाहर निकलने की कोशिश की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। चोरी की पूर्व नियोजित साजिश के तथ्य सामने आने पर धारा 61(2) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *