Home / Chhattisgarh / गंगरेल बांध से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट, 96.66% भर चुका है जलाशय

गंगरेल बांध से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट, 96.66% भर चुका है जलाशय

धमतरी, 12 सितंबर। धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगरेल बांध के जलग्रहण क्षेत्र में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। जलग्रहण क्षेत्र में लगातार वर्षा और बांध में बढ़ती आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने जल प्रबंधन के तहत गंगरेल बांध से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा है। पानी की निकासी शुरू होने के बाद जिला प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों और तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

जल संसाधन विभाग के अनुसार 11 सितंबर की रात 10 बजे की स्थिति में गंगरेल बांध से कुल 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। इसमें एनआरबी से एमएमसी की ओर 5 हजार क्यूसेक और महानदी की ओर 25 हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ती रही तो परिस्थितियों के अनुसार पानी की निकासी की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।

रात 10 बजे गंगरेल बांध का जलस्तर 348.43 मीटर दर्ज किया गया। इस दौरान बांध में करीब 35,058 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी। बांध अपनी कुल जलभराव क्षमता के 96.66 प्रतिशत तक भर चुका था। लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इससे पहले रात 8 बजे तक जिले के प्रमुख जलाशयों की स्थिति भी काफी महत्वपूर्ण रही। मुरूमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका था, जबकि गंगरेल बांध 96.17 प्रतिशत, दुधावा जलाशय 91.80 प्रतिशत और सोढ़ुर जलाशय 72.82 प्रतिशत तक भरा हुआ था। इसी अवधि में गंगरेल में 23,214 क्यूसेक, मुरूमसिल्ली में 6,000 क्यूसेक, दुधावा में 3,225 क्यूसेक और सोढ़ुर जलाशय में 2,189 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई।

प्रशासन ने महानदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी-नाले पार नहीं करने और पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर लोगों को चिन्हित सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए भी तैयार रहने कहा है।

अधिकारियों ने बताया कि गंगरेल समेत जिले के अन्य जलाशयों के जलस्तर, पानी की आवक और निकासी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों और मैदानी अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति को देखते हुए अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *