कोरबा, 12 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों के बीच कोरबा शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली ट्रिपिंग और पावरकट ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी। बुधवार को पाड़ीमार जोन के राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस-1 सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली की आंख-मिचौली से लोग हलाकान रहे। वहीं तुलसी नगर जोन के टीपी नगर स्थित गायत्री मंदिर के आसपास के इलाके में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर टीपी नगर के गायत्री मंदिर के आसपास के क्षेत्र में एक घंटे से अधिक समय तक बिजली ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। इसके बाद देर शाम को भी पावरकट होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। त्योहारी माहौल के बीच बार-बार बिजली गुल होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हुआ। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग को पहले से ही आवश्यक व्यवस्था करनी चाहिए थी।
दीपावली के बाद अब छठ महापर्व, देवउठनी एकादशी और कार्तिक पूर्णिमा पर सिख समुदाय के प्रथम गुरु गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद क्रिसमस और नववर्ष का उत्सव भी आएगा। ऐसे में आगामी त्योहारों को देखते हुए उपभोक्ता बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस-1 निवासी तपन चक्रवर्ती ने बताया कि उनका क्षेत्र पाड़ीमार जोन के अंतर्गत आता है। यहां लगभग 600 घर हैं और आए दिन बिजली कटौती तथा ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ता है। क्षेत्र में दशहरा मैदान के पास स्थित ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। बिजली का लोड कम करने के उद्देश्य से सीएसईबी कॉलोनी परिसर में नया सब स्टेशन भी बनवाया गया है, लेकिन इसके बावजूद राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस-1 की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि जब बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नया सब स्टेशन बनाया गया है, तो इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को भी मिलना चाहिए। बार-बार बिजली गुल होने से आम नागरिकों के साथ ही दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आगामी छठ पर्व और अन्य त्योहारों को देखते हुए बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और वितरण व्यवस्था की जांच कराई जाए तथा शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।







