Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव: स्पेशल एजुकेटर बनने के लिए अब डिग्री के साथ TET और RCI रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव: स्पेशल एजुकेटर बनने के लिए अब डिग्री के साथ TET और RCI रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में संशोधन करते हुए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए पात्रता की शर्तें स्पष्ट कर दी हैं। अब केवल डी.एड. या बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की डिग्री से काम नहीं चलेगा, बल्कि अभ्यर्थियों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करने के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में पंजीकरण भी कराना अनिवार्य होगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में 5 नवंबर 2026 को मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर से अधिसूचना जारी की है। यह संशोधन भारतीय संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत राज्यपाल की शक्तियों का प्रयोग करते हुए किया गया है।

प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर के लिए D.Ed अनिवार्य

नए नियमों के अनुसार स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक) पद के लिए अभ्यर्थी के पास भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त संस्थान से डी.एड. स्पेशल एजुकेशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी का RCI में पंजीकृत होना और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

उच्च प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर के लिए B.Ed जरूरी

वहीं, स्पेशल एजुकेटर (उच्च प्राथमिक) पद के लिए RCI से मान्यता प्राप्त संस्थान से बी.एड. स्पेशल एजुकेशन या समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। इस पद के लिए भी भारतीय पुनर्वास परिषद में पंजीकरण और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।

संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत हुआ संशोधन

स्कूल शिक्षा विभाग की अधिसूचना क्रमांक RULE-3016/17/2025-SCHOOL EDU. SEC. के तहत भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 के परिशिष्ट-एक में न्यूनतम शैक्षणिक अर्हता से संबंधित खंड चार और पांच में संशोधन किया गया है। इसके तहत दोनों श्रेणियों के स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए नई न्यूनतम योग्यताएं निर्धारित की गई हैं।

अभ्यर्थियों के लिए जानना जरूरी

सरकार के इस संशोधन के बाद स्पेशल एजुकेटर बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों को तीन प्रमुख पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें संबंधित पद के अनुसार डी.एड. या बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की योग्यता, शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में उत्तीर्ण होना और भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में पंजीकरण शामिल है। ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संशोधित नियमों और निर्धारित पात्रता का ध्यान रखना होगा।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *