नई दिल्ली,12 सितंबर : भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज होने जा रही है. नई दिल्ली में ही इस सीरीज के तीनों मैच खेले जाने हैं, जिसके पहले मैच पर खतरा मंडरा रहा है. पहले ये खतरा राजधानी में चल रहे BRICS शिखर सम्मेलन के कारण था, जिसके चलते मैच के एक दिन आगे बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी. जब ये मसला सुलझा तो दिल्ली की बारिश इस मैच के लिए खतरा बन गई. अब मैच का जो भी हो, लेकिन उसके लिए तैयारी पूरे जोर-शोर से चल रही है. इसी तैयारी के दौरान जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी की टक्कर देखने को मिली, जो सुर्खियां बटोर रही है.
नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम इंडिया इस सीरीज के लिए तैयारी कर रही है. इस सीरीज के साथ ही स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 2 महीने बाद लौट रहे हैं. उन्हें इंग्लैंड दौरे पर चोट लगी थी, जिसके चलते वो श्रीलंका में टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए थे. मगर अब वो पूरी तरह फिट होकर और अच्छे से आराम लेकर लौट आए हैं और ये उनकी गेंदबाजी में भी नजर आया, जहां उन्होंने प्रैक्टिस सेशन में हर बल्लेबाज को परेशान किया.
IPL के बाद कैसी रही वैभव-बुमराह की टक्कर?
मगर सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी बुमराह और 15 साल के सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी ने. कुछ ही महीनों पहले IPL 2026 में बुमराह और वैभव का पहली बार आमना-सामना हुआ था. शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव ने तब बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जमाकर सबको हैरान कर दिया था. वो इतने में ही नहीं रुके और युवा ओपर ने स्टार पेसर के ओवर में दूसरी बार भी छक्का जमा दिया. मगर अरुण जेटली स्टेडियम के प्रैक्टिस नेट्स में कहानी बिल्कुल अलग रही.
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह ने लगातार 4 गेंदों पर वैभव सूर्यवंशी को बुरी तरह छकाया. उनकी शुरुआती दो गेंद एक ही लेंथ पर थीं और दोनों पर वैभव बल्ला लगाने की कोशिश करते दिखे लेकिन छू भी नहीं सके. फिर तीसरी गेंद एक सटीक यॉर्कर थी, जिसे किसी तरह वैभव ने अपने पैरों से दूर किया. चौथी गेंद पर तो वैभव एक काल्पनिक विकेटकीपर या पहली स्लिप के फील्डर को कैच दे बैठे. यानि बुमराह ने वैभव को दिखाया कि बाकी बल्लेबाजों को वो कैसे परेशान करते हैं.
वैभव के लिए अच्छा नहीं रहा सेशन
हालांकि पांचवीं गेंद पर वैभव ने जरूर एक छ्क्का लगाया लेकिन इस पूरे नेट्स सेशन में वो बाकी तेज गेंदबाजों के सामने भी संघर्ष करते नजर आए. अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने भी युवा ओपनर के बल्ले को कई बार छकाया, जबकि फील्डिंग ड्रिल के दौरान भी वैभव पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त नहीं दिखे. उन्होंने इस दौरान 2-3 कैच भी टपकाए. भले ही वैभव यहां बुमराह के खिलाफ चूके हों लेकिन इससे उनके खेल को मजबूती ही मिली होगी और इस सीरीज में आगे भी स्टार पेसर का सामना करने पर वैभव का आत्मविश्वास और खेल बेहतर होने की उम्मीद रहेगी.







