- शराब पीकर आए दिन झगड़ा और मारपीट करने से परेशान था पिता, मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा की घटना
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा में एक पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
मृतक की पहचान रावेंद्र मरावी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम दिलहरण मरावी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक शराब पीने के बाद आए दिन घर में विवाद करता था और परिजनों के साथ मारपीट करता था। बेटे की लगातार हरकतों से परेशान होकर पिता ने कथित तौर पर उस पर टंगिया से कई बार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बेटे की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता मुलमुला थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







