Home / Entertainment / सोनी सब के यादें के सेट पर गुलकी जोशी और सहज राजपूत ने गरबा, डांडिया और उत्सवी माहौल के साथ मनाई नवरात्रि

सोनी सब के यादें के सेट पर गुलकी जोशी और सहज राजपूत ने गरबा, डांडिया और उत्सवी माहौल के साथ मनाई नवरात्रि

ख़बर शेयर करें:

मुंबई, 15 अक्टूबर, 2026: सोनी सब का शो यादें अपने हास्य, भावनात्मक पलों, रोजमर्रा के रिश्तों और मेडिकल मामलों के अनोखे मेल से लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। जहाँ डॉ. देव मेहता (इकबाल खान), डॉ. सृष्टि अग्रवाल (गुलकी जोशी) और जिया (सहज राजपूत) सामुदायिक सेवा के तहत किल्लारी गाँव में अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं, वहीं कलाकार पर्दे के पीछे भी कई खास यादें संजो रहे हैं।

नवरात्रि ट्रैक की शूटिंग के दौरान सेट पर उत्सव का माहौल इतना रंगीन और जोशीला था कि कलाकार खुद को उसके रंग में रंगने से नहीं रोक पाए। गरबा और डांडिया की धुनों के बीच हर कोई नवरात्रि के उत्साह में डूब गया। इस दिन को और भी खास बनाने वाली बात यह रही कि कैमरे बंद होने के बाद भी जश्न का सिलसिला नहीं थमा। शूटिंग पूरी होने के बाद भी कलाकार साथ मिलकर नाचते, मस्ती करते और नवरात्रि का आनंद लेते रहे।

अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए, गुलकी जोशी ने साझा किया, “मुझे डांस करना और तैयार होना बहुत पसंद है, इसलिए सेट पर नवरात्रि मनाना मेरे लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा। सभी के साथ मिलकर गरबा और डांडिया खेलने में बहुत आनंद आया और यह देखकर भी बहुत अच्छा लगा कि पूरी टीम एक साथ मिलकर त्यौहार की खुशियों का भरपूर आनंद ले रही थी। हम एक-दूसरे को नए स्टेप्स और मूव्स सिखा रहे थे और कई बार उन्हें गड़बड़ भी कर रहे थे। ऐसे पल हमें काम से आगे बढ़कर एक-दूसरे के साथ जुड़ने और साथ में कई खूबसूरत व खुशहाल यादें बनाने का मौका देते हैं।”

जिया का किरदार निभा रहीं सहज राजपूत ने आगे कहा, “सेट पर सभी के साथ गरबा और डांडिया खेलना बहुत मजेदार था। समय के साथ यादें की पूरी टीम मुझे एक परिवार जैसी लगने लगी है। हर साल मैं अपने दोस्तों के साथ नवरात्रि मनाने जाती हूँ, लेकिन इस बार इस परिवार के साथ इसे मनाना एक अलग और बेहद खास अनुभव रहा। साथ मिलकर नाचना, हँसना और त्यौहार का आनंद लेना बहुत अच्छा लगा। मैं आगे भी हर त्योहार को इसी तरह साथ मिलकर मनाने का इंतजार कर रही हूँ।”

‘यादें’ देखें, हर सोमवार से शनिवार रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *