जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026। जिले के शिवरीनारायण मेला मैदान में चप्पल-जूते के मोलभाव को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद एक युवक पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई (18 वर्ष 2 माह), निवासी बाबाघाट शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र निवासी करन यादव ने शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। करन शिवरीनारायण मेला मैदान में अपने गांव के एक व्यक्ति की चप्पल-जूते की दुकान में काम करता है। 15 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे दुकान में चप्पल-जूते के मोलभाव को लेकर भगतदास मानिकपुरी और एक नाबालिग के बीच विवाद हो गया था।
विवाद के कुछ देर बाद नाबालिग अपने साथियों के साथ दोबारा दुकान पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दीप केंवट और उसके साथियों ने क्रेमरेज यादव पर जान से मारने की नीयत से चाकू और डंडे से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के सिर, सीने, पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे करन यादव के सिर पर भी डंडे से हमला किया गया।
हमले में क्रेमरेज यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे तत्काल शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SP विजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त SP डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी तोमेश वर्मा के नेतृत्व में शिवरीनारायण पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दीप केंवट सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त तीन स्टील के चाकू, एक लकड़ी का डंडा और खून के निशान वाले कपड़े जब्त किए गए हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी दीप केंवट और एक विधि से संघर्षरत बालक पूर्व में माघी पूर्णिमा मेले के दौरान भी एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में शामिल रहे हैं।
इस कार्रवाई में TI उपनिरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक गौरीशंकर कौशिक सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







