पिथौरा। मासूम की एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हुई. मासूम का इस तरह से जाना परिजन के लिए अब जीवनभर का दर्द बन गया है. बात हो रही है बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत उड़ेला के आश्रित ग्राम मुड़ी़डीह की, जहां स्थित प्राथमिक स्कूल परिसर में रस्सी के झूले पर खेलते समय चौथी कक्षा के छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बताया गया कि बच्चे स्कूल खुलने से पहले ही परिसर में पहुंचकर खेलते थे। इसी दौरान पेड़ पर बंधे रस्सी के झूले पर खेलते समय यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी अन्य बच्चों द्वारा स्कूल की रसोइया और परिजनों को दी गई, जिसके बाद बच्चे की मां मौके पर पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बच्चे की मौत के सटीक कारण और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शिक्षकों की कथित लापरवाही की जांच की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे स्कूल खुलने से पहले ही परिसर में पहुंच जाते थे, और उनके पास स्कूल की चाबी भी रहती थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि स्कूल खुलने से पहले बच्चों की निगरानी की क्या व्यवस्था थी, और परिसर में लगाया गया रस्सी का झूला कितना सुरक्षित था। हालांकि, झूला किसने लगाया और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। शिक्षा विभाग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने तथा यदि लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारी तय करने की मांग की जा रही है।







