रूस ने अमरीका के साथ नया स्टार्ट समझौता स्थागित करने का फैसला किया

कीव, 22 फरवरी  रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने घोषणा की है कि रूस अमरीका के साथ हुए शस्‍त्र नियंत्रण समझौते में अपनी भागीदारी स्‍थगित कर रहा है। नई सामरिक शस्त्र न्यूनीकरण संधि – न्‍यू स्‍टार्ट रूस और अमरीका के बीच परमाणु शस्‍त्र संधि है, जिसकी अवधि 2021 में पांच वर्षों के लिए बढ़ाई गई थी। पराग में वर्ष 2010 में इस संधि पर हस्‍ताक्षर किए गए थे और 2011 से इसे लागू कर दिया गया था। इस संधि में सामरिक महत्‍व के परमाणु वाहक शस्‍त्रों की संख्‍या को नियंत्रित किया गया था। इसके अलावा परमाणु हथियारों की तैनाती और परमाणु हथियार वाली मिसाइल के इस्‍तेमाल को कम करने के बारे में भी इस संधि में प्रावधान है।

राष्‍ट्रपति पुतिन ने अपने राष्‍ट्र संबोधन में इस बात पर जोर दिया है कि रूस इस संधि से अभी भी पूरी तरह अलग नहीं हुआ है। उन्‍होंने कहा कि अगर अमरीका ने परमाणु हथियारों का परीक्षण किया तो वह भी ऐसा करने के लिए तैया है। अगर ऐसा हुआ तो शीत युद्ध के बाद से परमाणु हथियारों के परीक्षण पर लगा वैश्विक प्रतिबंध का अंत हो जाएगा। रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के शुक्रवार को एक वर्ष पूरा होने पर, मंगलवार को पुतिन ने राष्‍ट्र को संबोधित किया था। उन्‍होंने रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के लिए पश्चिमी देशों को जिम्‍मेदार बताया है।