Home / Chhattisgarh / जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट, बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की मौत

जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट, बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की मौत

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को आरोपी ने जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम उच्चभिट्ठी निवासी रमेश यादव के परिवार का करीब 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, के बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 5 अक्टूबर को आरोपी राजकिरण यादव (23), पिता भरत लाल यादव, निवासी उच्चभिट्ठी, रमेश यादव के घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रमेश यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान रमेश यादव के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें सीने पर जोरदार धक्का दे दिया, जिससे लोचन प्रसाद यादव जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने सीने में हाथ रखा और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की तथा सूचक रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट प्राप्त की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना के दौरान हाथ में धारदार स्टील का ब्लेड लेकर घर में दाखिल हुआ था। पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। आरोपी के मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *