जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर। नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाने और उसके साथ अनाचार करने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर 2026 को नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट उसके परिजनों द्वारा थाना पामगढ़ में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस टीम द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से नाबालिग बालिका के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर थाना पामगढ़ पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही युवक आकाश जांगड़े (20), निवासी धनगांव, थाना पामगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगाने तथा उसके साथ अनाचार करने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आकाश जांगड़े को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय, आरक्षक भुनेश्वर पटेल, महिला आरक्षक सविता पटेल और सैनिक अनिल दिनकर सहित थाना पामगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







