मुंबई, 05 अक्टूबर 2026। आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड ने अपनी नई ब्रांड पहचान और नई टैगलाइन ‘हर कल आसान’ लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि नई ब्रांड पहचान का उद्देश्य भारतीय ग्राहकों के लिए जीवन बीमा को अधिक सरल, पारदर्शी, लचीला और आसान बनाना है।
कंपनी के मुताबिक, आईसीआईसीआई नाम देशभर में भरोसे, मजबूती और वित्तीय पहुंच का प्रतीक रहा है। पिछले 25 वर्षों में कंपनी ने 20 करोड़ से अधिक भारतीयों के सपनों और भविष्य को सुरक्षित करने में योगदान दिया है। नई ब्रांड पहचान इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए बदलती जरूरतों के अनुरूप ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर केंद्रित है।
आईसीआईसीआई लाइफ इंश्योरेंस के मार्केटिंग, डिजिटल और बैंकेश्योरेंस प्रमुख श्रीनिवास बालासुब्रमण्यन ने कहा कि आज बदलते करियर विकल्प, पारिवारिक संरचना, लंबी जीवन अवधि और वित्तीय प्राथमिकताओं के कारण भविष्य की योजना बनाना पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसे में जीवन बीमा की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य भविष्य की तैयारी को जटिल बनाने के बजाय ग्राहकों के लिए इसे स्पष्ट, आत्मविश्वासपूर्ण और सुविधाजनक बनाना है। नई ब्रांड पहचान केवल नाम में बदलाव नहीं, बल्कि वित्तीय भविष्य को सुरक्षित करने के पूरे अनुभव को आसान बनाने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता है।
कंपनी ने कहा कि ‘हर कल आसान’ के तहत जीवन बीमा को केवल जोखिम से सुरक्षा के रूप में नहीं, बल्कि लोगों को अपने भविष्य के बारे में बेहतर जानकारी के साथ निर्णय लेने में सक्षम बनाने वाले समाधान के रूप में पेश किया जाएगा। साथ ही, कंपनी वर्ष 2047 तक सभी के लिए बीमा के राष्ट्रीय लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने की दिशा में भी काम करेगी।







