- CCTV फुटेज ने खोली पोल; पूछताछ में दो मुर्गे खाने और अवशेष तालाब में फेंकने का खुलासा
जांजगीर-नवागढ़। मुर्गियां चोरी हुईं, CCTV कैमरा भी गायब हो गया और जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो चोरी के आरोप में जिस नाम का खुलासा हुआ, वह था थानेदार सारथी! हालांकि यहां बात किसी पुलिस अधिकारी की नहीं, बल्कि नवागढ़ डीहपारा निवासी 47 वर्षीय थानेदार सारथी की है, जिसे मुर्गियां और CCTV कैमरा चोरी करने के आरोप में नवागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मामला नवागढ़ के इलियास खान के देशी फार्म हाउस का है। प्रार्थी इलियास खान ने पुलिस को बताया कि 16 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे अज्ञात चोर फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर 8 से 10 मुर्गियां और बाहर लगा CCTV कैमरा चोरी कर ले गया। घटना की शिकायत 18 नवंबर को थाने में दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान पुलिस ने फार्म हाउस में लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही थानेदार सारथी निवासी नवागढ़ डीहपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
दो मुर्गों की दावत उड़ाई, कैमरा घर में छिपाया!
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई दो मुर्गियों को वह खा चुका है और उनके पंख व अन्य अवशेष तालाब में फेंक दिए हैं। वहीं चोरी किया गया बुलेट CCTV कैमरा अपने घर में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 4 हजार रुपये कीमत का कैमरा बरामद कर जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(A), 331(4) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया था। आरोपी थानेदार सारथी (47 वर्ष) को 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय नवागढ़ के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई SP विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त SP के मार्गदर्शन में हुई। कार्रवाई में TI निरीक्षक मणिकांत पांडेय, प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे, आरक्षक श्याम शांते एवं आरक्षक देवराज लसार की भूमिका रही।
मुर्गियां चोरी करने से लेकर दो मुर्गों की दावत उड़ाने और कैमरा घर में छिपाने तक की इस कहानी का अंत पुलिस की गिरफ्तारी के साथ हुआ।







