जगदलपुर, 02 अक्टूबर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध नशीली कैप्सूल की बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Dicyclomine HCl, Tramadol HCl & Acetaminophen Capsules Pyeevon Spas Plus की 7 पत्तियों में कुल 56 कैप्सूल बरामद किए हैं। जब्त कैप्सूल की अनुमानित कीमत करीब 2,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मगडूं कचौरा रोड स्थित गोयल बाड़ी के पास शर्ट की जेब में नशीली कैप्सूल रखकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस की टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संदीप नाग (28), पिता दामोदर नाग, निवासी डोंगाघाट, थाना कोतवाली जगदलपुर, जिला बस्तर बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैप्सूल रखने और बिक्री करने के संबंध में कोई वैधानिक दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने नशीली कैप्सूल जब्त कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय NDPS, जगदलपुर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि बस्तर पुलिस द्वारा नशे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रानी सोनी, उप निरीक्षक अरुण मरकाम व प्रमोद ठाकुर सहित प्रधान आरक्षक विनोद चांदने और आरक्षक रंगलाल खरे, बलराम, रीना अनंत, महेंद्र, कृष्ण नेताम, धर्मेंद्र व मंहगू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







