शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के तहत इतिहास रच सकते हैं । विराट कोहली ने सीरीज के पहले मैच में 113 रनों की पारी खेलकर रिकॉर्ड्स झड़ी लगाई थी।भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा, जहां विराट कोहली दमदार प्रदर्शन करके कैरेबियाई दिग्गज ब्रायन लारा का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। आपको बता दें कि दिग्गज ब्रायन लारा ने अपने करियर में अपनी टीम के लिए कुल 70 बार टॉप स्कोर बनाया था।
विराट कोहली अब तक 69 बार भारत के लिए हाईस्कोर बना चुके हैं। विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के बाकी दो मैचों में टॉप स्कोर रहते हुए लारा का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। अगर वह दूसरे वनडे मैच में टॉप स्कोर बनाते हैं तो ब्रायन लारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का दूसरा मैच 12 जनवरी को कोलकाता में तो वहीं तीसरा वनडे मैच 15 फरवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। वैसे किसी भी टीम के लिए वनडे में सर्वाधिक बार टॉप स्कोर बनाने के मामले में क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर टॉप पर मौजूद हैं ।
सचिन ने टीम इंडिया के लिए 129 बार टॉप स्कोर बनाया ।वहीं सनथ जय सूर्या 84 बार टॉप स्कोर बनाकर दूसरे नंबर पर , कुमार संगाकारा 82 बार टॉप स्कोर बनाकर तीसरे नंबर पर हैं।इस सूची में ब्रायन लारा चौथे तो वहीं विराट कोहली फिलहाल पांचवें नंबर पर मौजूद हैं। विराट कोहली जैसी फॉर्म में चल रहे हैं , उस हिसाब से लगता है कि वह श्रीलंका के खिलाफ बड़ी पारी खेल सकते हैं।


