कोलकाता, 28 दिसंबर I पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं. यहां झारखंड के क्षेत्रीय फिल्मों और एल्बम में काम करने वाली 22 वर्षीय एक्ट्रेस रिया कुमारी उर्फ़ ईशा आलिया की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना रांची-कोलकाता मार्ग पर बुधवार सुबह बगनान में महिषरेखा पुल के पास लगभग छह बजे हुई है Iबताया जा रहा है कि रिया अपने पति प्रकाश कुमार और तीन साल की बेटी के साथ कार से कोलकाता जा रही थी. रिया के पति प्रकाश कुमार का कहना है कि उसकी हत्या सड़क लुटेरों ने की है. हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मामला मान रही है. रिया के पति प्रकाश से पूछताछ की जा रही है. रिया कुमारी झारखंड में खोरठा और क्षेत्रीय भाषाओं के एल्बम में ईशा आलिया के नाम से काम करती थी. प्रकाश भी क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्में और एल्बम बनाते हैं I
प्रकाश कुमार ने पुलिस को बताया कि तीन बदमाश वहां हथियार लहराते हुए उनके पास पहुंच गए. उन्होंने उनसे लूटपाट की कोशिश की. दोनों ने जब इसका इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने रिया पर गोली चला दी. वह वहीं गिर पड़ी.शोर मचाने लगे तो बदमाश भाग गए. इसके बाद उन्होंने थोड़ा आगे जाकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी. स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को सूचना दी. रिया को तुरंत उलुबेरिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इसके पहले ही उसकी मौत हो गई थी. फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं I


