Home / Chhattisgarh / कवर्धा में बदलेगा शहर का स्वरूप, 54 करोड़ की लागत से बनेगी 7.8 किमी फोरलेन सड़क

कवर्धा में बदलेगा शहर का स्वरूप, 54 करोड़ की लागत से बनेगी 7.8 किमी फोरलेन सड़क

रायपुर/कवर्धा, 24 सितंबर 2026। कवर्धा शहर के विकास को नई गति देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 7.8 किलोमीटर लंबी सड़क को 4 लेन में विकसित किया जाएगा। करीब 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का भूमिपूजन उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नया मंडी परिसर में किया। सड़क के साथ डिवाइडर का निर्माण भी किया जाएगा। वहीं रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।

प्रवेश द्वारों के डिजाइन में कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी। प्रस्तावित फोरलेन सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए जोराताल के आगे तक विकसित होगी। इससे शहर में प्रवेश और आवागमन को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कवर्धा में 8 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपये, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपये, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपये और नगर पंचायत पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। इसके अलावा विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा की गई।

अरुण साव ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उनके अनुसार, सरकार के संसाधनों का उपयोग जनता के विकास कार्यों के लिए किया जा रहा है और गांव से लेकर शहर तक विकास कार्यों की गति बढ़ी है।

कवर्धा में 140 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर के विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कवर्धा में 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू होगा, जबकि रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर लगभग 3-3 किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कवर्धा में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर बनाया जा रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल पुस्तकालय की सुविधा होगी। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से घोटिया रोड का निर्माण किया गया है। वहीं भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य जारी हैं।

प्रवेश द्वार बनेंगे कवर्धा की नई पहचान

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा के दोनों प्रवेश द्वार शहर की पहचान के साथ विकास के द्वार भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि 54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली फोरलेन सड़क से कवर्धा के स्वरूप में बदलाव आएगा और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, पुलिस प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *