रायगढ़, 24 सितम्बर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय राशन के गबन के मामले में रायगढ़ पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न की बड़ी कमी सामने आने के बाद दर्ज मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 से जुड़ा है। खाद्य विभाग की ओर से 3 सितंबर 2026 को दुकान की जांच की गई थी। जांच के दौरान दुकान में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। खाद्य सामग्री की कुल कमी की कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त माह में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगरप्रिंट लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया। इसके बाद चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया को आरोपी बनाया था। 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया था। पुलिस को 22 सितंबर को सूचना मिली कि बिहारी राठिया धरमजयगढ़ से बस में बैठकर अपने गांव ससकोबा आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधी प्रतिमा चौक रैरूमाखुर्द के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने ससकोबा उचित मूल्य दुकान में फरवरी से अगस्त 2026 के बीच चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी किए जाने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से चार रजिस्टर भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारी राठिया पिता बृक्ष सिंह राठिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ससकोबा जूनापारा, चौकी रैरूमाखुर्द, थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







