Home / Chhattisgarh / राहुल गांधी आज शाम 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, SIR विवाद के बीच चुनाव आयोग पर उठे सवाल

राहुल गांधी आज शाम 4 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, SIR विवाद के बीच चुनाव आयोग पर उठे सवाल

नई दिल्ली। चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “संविधान के दुश्मनों का पर्दाफाश हो गया है। न्याय जरूर होगा।” उनकी ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा ऐसे समय की गई है, जब SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों की खबरों के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है।

राहुल गांधी की साझा की गई तस्वीर उनके पहले के प्रेस कॉन्फ्रेंस की है, जब उन्होंने हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए थे। अब SIR प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चुनाव आयोग के भीतर SIR प्रक्रिया के दौरान कुछ मुद्दों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं और उनके इस्तीफे की मांग भी की है।

इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी ने मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर चुनाव आयोग, भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वोट की चोरी भारत के लोगों के खिलाफ अपराध और संविधान पर सीधा हमला है। राहुल गांधी के इन आरोपों पर राजनीतिक विवाद भी तेज हुआ है।

कांग्रेस इस पूरे मामले को लेकर अपनी संगठनात्मक रणनीति भी तैयार कर रही है। पार्टी की कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक 29 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में SIR, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है।

वहीं, चुनाव आयोग ने सामने आई रिपोर्टों को लेकर सफाई दी है। आयोग का कहना है कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। आयोग ने कहा कि उसके फैसले निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप लिए जाते हैं।

अब राहुल गांधी की शाम 4 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर राजनीतिक दलों और आम लोगों की नजर है। माना जा रहा है कि वह SIR प्रक्रिया, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े विवाद पर कांग्रेस का पक्ष विस्तार से रख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *