जांजगीर-चांपा पुलिस में कार्रवाई: चालान पेश करने के लिए पैसे मांगने वाले प्रधान आरक्षक लाइन हाजिर

जांजगीर-चांपा। पीड़ित महिला से मारपीट के एक मामले में न्यायालय में चालान पेश करने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने वाले थाना बिर्रा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अनिल सिंह अजगल्ले के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है।

पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से प्रधान आरक्षक को थाना बिर्रा से हटाकर रक्षित केंद्र (लाइन) भेज दिया है। साथ ही उनके खिलाफ प्राथमिक जांच (प्रिलिमिनरी इंक्वायरी) भी प्रारंभ कर दी गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रधान आरक्षक द्वारा पीड़िता से कहा गया कि बिना पैसे दिए चालान में स्क्रूटनी निकलवाकर उसे न्यायालय में पेश नहीं किया जाएगा। इस शिकायत को गंभीर कदाचार मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित विभागीय कार्रवाई की है।