नई दिल्ली: पंजाब के बंगा से कांग्रेस के पूर्व विधायक त्रिलोचन सिंह सूंढ का अचानक निधन हो गया है। वह एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां उन्हें हार्ट अटैक आया और उन्होंने वहीं अंतिम सांस ली। इस अप्रत्याशित निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बंगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके त्रिलोचन सिंह
त्रिलोचन सिंह सूंढ लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे और बंगा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके थे। वह अपने विनम्र स्वभाव और जनता से गहरे जुड़ाव के लिए जाने जाते थे। राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ समाजसेवा में भी उनका अहम योगदान रहा।
उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस में शोक की लहर फैल गई है। पंजाब कांग्रेस इकाई ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि त्रिलोचन सूंढ का जाना पार्टी और राज्य दोनों के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा अपने संघर्ष और ईमानदारी के लिए याद किए जाएंगे।
इस दुखद घटना के चलते कांग्रेस ने कल होने वाला निर्धारित रोड शो स्थगित करने का फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि फिलहाल सभी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ता पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित होंगे।


