“ऑपरेशन साइबर शील्ड” में बड़ी सफलता — फर्जी मैट्रिमोनियल साइट चलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

500 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन का खुलासा, चीनी नागरिकों से जुड़ा साइबर नेटवर्क बेनकाब

रायपुर, 5 अक्टूबर।
रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत एक बड़ी कार्यवाही करते हुए फर्जी मैट्रिमोनियल साइट चलाकर देशभर में साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस प्रकरण में ओडिशा, गुजरात, बिलासपुर और रायपुर के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 मोबाइल फोन, 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 60 बैंक अकाउंट किट, सैकड़ों सिम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में अब तक यह सामने आया है कि आरोपियों ने देश के 500 से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी की, और 500 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया।

म्यूल बैंक अकाउंट का कंट्रोल चीनी नागरिकों के पास

जांच में खुलासा हुआ है कि म्यूल बैंक अकाउंट का संचालन चीन के नागरिक एपीके (APK) एप्लिकेशन के माध्यम से करते थे। आरोपी इन खातों में प्राप्त राशि का हिस्सा कमीशन के रूप में प्राप्त करते थे।

फर्जी वेबसाइटों के जरिए की जाती थी ठगी

पुलिस ने जांच के दौरान तीन फर्जी वेबसाइटों —

www.erishtaa.com

www.jeevanjodi.com

www.royalrishtey.com
— का खुलासा किया है। इन वेबसाइटों के माध्यम से फर्जी वर-वधू प्रोफाइल बनाकर लोगों से शादी के नाम पर ठगी की जा रही थी।

रायपुर में फर्जी कार्यालयों पर छापा

रायपुर के गोल चौक डगनिया में “जीवन जोड़ी” और “रॉयल रिश्ते” के नाम से तथा कटोरा तालाब क्षेत्र में “ई-रिश्ता” के नाम से संचालित फर्जी कार्यालयों में छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में डिजिटल उपकरण जब्त किए।

आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देशन में हुई कार्रवाई

रेंज पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने रेंज साइबर थाना को म्यूल बैंक अकाउंट धारकों, संवर्धकों, ब्रोकरों और ठगी के लिए खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

थाना डीडी नगर में HDFC बैंक के 79 म्यूल अकाउंट पर अपराध क्रमांक 424/25, तथा थाना आजाद चौक में साउथ इंडियन बैंक के 17 म्यूल अकाउंट पर अपराध क्रमांक 283/25, धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।

जांच जारी, और गिरफ्तारियां संभव,साइबर पोर्टल की रिपोर्ट, बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। कई और संदिग्ध खातों और व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार म्यूल बैंक अकाउंट प्रकरण में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


गिरफ्तार आरोपी –

1️⃣ गजसिंह सुना, पिता घनु सुना, उम्र 32 वर्ष, निवासी सूरदा, सिंधईकेला, बलांगीर (ओडिशा)
2️⃣ भिखु सचदेव, पिता मनसुखलाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी भाटिया, कल्याणपुर, द्वारका (गुजरात)
3️⃣ साहिल कौशिक, पिता शत्रुघ्न कौशिक, उम्र 23 वर्ष, निवासी काठाकोनी, तखतपुर (बिलासपुर)
4️⃣ हर्षित शर्मा, पिता स्व. संजय शर्मा, उम्र 18 वर्ष, निवासी अरविंद नगर, कटोरा तालाब (रायपुर)