कोरबा, 3 सितंबर । बालको प्रबंधन ने भारतीय जनता पार्टी बालको मंडल और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का सम्मान रखते हुए 31 अक्टूबर तक का समय दिया है। बालको द्वारा पूर्व कर्मचारियों को उनके कार्यकाल के दौरान प्राप्त मकानों से बलपूर्वक निकालने के अभियान का विरोध करने के लिए 28 अगस्त को भाजपा बालको नगर मंडल के द्वारा पत्र दिया गया था। इसके बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष और MIC सदस्य हितानंद अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष डीलेंद्र यादव और अन्य पदाधिकारियों ने बालको प्रबंधन से मुलाकात की थी।
इसके बावजूद बालको प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं रोकी, जिसके बाद भाजपा बालको नगर मंडल और सभी जनप्रतिनिधियों ने 4 सितंबर को बालको टाउनशिप ऑफिस में तालाबंदी की चेतावनी दी। इसके बाद बालको प्रबंधन ने भाजपा मंडल के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बैठक के लिए बुलाया। बैठक में तय किया गया कि 31 अक्टूबर तक किसी को भी घरों से नहीं निकाला जाएगा और बिजली, पानी और सीवरेज का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इस दौरान टाउनशिप कार्यालय में क्वार्टर छोड़ने संबंधी प्रक्रिया और जानकारी के लिए अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
बैठक में बालको एडमिन हेड कैप्टन धनंजय मिश्रा, कुशाग्र कुमार, विजय वाजपेई, हितानंद अग्रवाल, सुमित तिवारी, डीलेंद्र यादव और अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


