कोरबा: थाना परिसर में BJP नेत्री द्वारा ग्रामीण की पिटाई

कोरबा,08 जून । जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में एक भाजपा नेत्री और पूर्व नगर पालिका सदस्य ज्योति महंत द्वारा एक ग्रामीण की पिटाई का मामला सामने आया है। यह घटना बांकीमोगरा थाना भवन के सामने थाना परिसर में हुई।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भाजपा नेत्री ज्योति महंत ग्रामीण को सड़क पर गिराकर झापड़ और लात से मार रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “ये मर जायेगा तो भी फर्क नहीं पड़ता।”

इस घटना के पीछे की वजह यह बताई जा रही है कि ग्राम बरेडिमुड़ा का रहने वाला किसान अपने बैल को लेकर आ रहा था, जब भाजपा नेत्री अपने कार से जा रही थीं। किसान ने मोबाइल पर किसी से बात करते हुए सामने वाले को गाली दी, जिसे भाजपा नेत्री ने अपने ऊपर ले लिया।

इस घटना के बाद ग्रामीण को थाना लाया गया, जहां भी उसकी पिटाई की गई। ग्रामीण ने बताया कि थाना लाने वाले युवकों ने उनसे 3 से 4000 रुपये लिए और मामला रफा दफा करने के नाम पर पैसे की मांग की।

इस पूरे मामले में भाजपा नेत्री का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल नंबर इंगेज बताता रहा।