
बकरियों पर आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरी की हुई मृत्यु
May 27, 2025(कोरबा) बकरियों पर आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरी की हुई मृत्यु
कोरबा : कोरबा जिले के छुईडोडा सोल्वा में आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मृत्यु हो गई हैं। जानकारी के अनुसार इससे 3 किसानों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों ने बताया कि पिछले दो दिनों से जिले में मौसम बदला हुआ है। सुबह से काली घटा, धूप, छांव और कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हो रही है। 27 मई को भी सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। किसान रोज की तरह बकरियों को ग्राम से लगे मैदान में चराने ले गए थे।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि बकरियां लगभग एक घंटे तक मैदान में चर रही थीं। इस दौरान हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। सभी बकरियां एक पेड़ के नीचे एकत्रित हो गईं। अचानक आकाशीय बिजली उसी पेड़ के नीचे गिरने से सभी बकरियों की मृत्यु हो गई। किसान उस समय पास के एक दूसरे पेड़ के नीचे थे। इससे किसान रामलाल, दुलार और अमर सिंह को आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। राजस्व परिपत्र के तहत प्रभावित लोगों को मुआवजा देने कार्यवाही शुरू की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी है।