मुरादाबाद, 14 नवम्बर । मुरादाबाद के थाना नागफनी थाना क्षेत्र में अपनी भाभी के साथ स्कूटी से जा रही महिला से छेड़छाड़ के मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर नागफनी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना नागफनी के बंगला गांव चौकी क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय युवती शनिवार दिन अपनी भाभी के साथ स्कूटी से बाजार गई थी। रास्ते में बंगला गांव निवासी आरोपित अमित बंसल ने चलती स्कूटी के बगल अपनी स्कूटी लगाकर युवती के साथ छेड़छाड़ की। घर पहुंच कर पीड़िता ने परिवार वालों को आरोपी की करतूत के बारे में बताई।
जिसके बाद उसकी मां ने थाने पर पहुंच कर तहरीर दी। पीड़िता की मां के अनुसार उनके पास घटना की सीसीटीवी फुटेज भी है। आरोप लगाया कि अमित बंसल पहले भी कई बार बेटी के साथ छेड़छाड़ कर परेशान कर चुका है। आए दिन वह पीड़िता पर अश्लील कमेंट करता है। इसकी शिकायत जब उसके परिवार वालों से की गई तो आरोपित ने पीड़िता के ऊपर तेजाब डालने और परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। इस संबंध में थाना नागफनी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ग्वाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अमित बंसल के खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


