लोनर हाथी ने हमले से तीन मवेशी मृत-दो घायल

(कोरबा) लोनर हाथी ने हमले से तीन मवेशी मृत-दो घायल
कोरबा : कोरबा जिले में हाथियों का आतंक कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है बल्कि स्थिति और भी भयावह होती जा रही हैं। हाथी जिले में कभी किसी घर को तोड़ दे रहे हैं, तो कभी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। परंतु अब तो मवेशियों पर भी हाथियों द्वारा हमला किया जा रहा है, जिससे पशुओं की या तो मृत्यु हो रही है या घायल हो रहे हैं। हाथियों के आतंक से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। उनके द्वारा हाथी समस्या के स्थाई समाधान की लगातार मांग की जा रही है लेकिन न तो वन विभाग कोई ठोस कदम उठा रहा है और न ही प्रशासन इस पर कोइ अमल कर रहा हैं। जिससे परेशानी यथावत बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज अंतर्गत बीजाडांड सर्किल के ग्राम रानीअटारी में सेमरहा क्षेत्र से अचानक आ धमके लोनर हाथी ने दशरथ नामक एक ग्रामीण के घर के पास बंधे मवेशियों पर हमला कर दिया। जिससे तीन मवेशियों की मौत हो गई वहीं दो अन्य घायल हो गए। घायल मवेशियों का उपचार जारी है। दंतैल ने दशरथ के आंगन में रखे अरहर दाल को भी चट कर दिया।
हाथी के आतंक से पीडि़त ग्रामीण ने वन विभाग को सूचना दी जिस पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पंचनामा की कार्यवाही करने पश्चात मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया और प्रकरण बनाकर मुआवजा स्वीकृति के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले कर दिया। लोनर द्वारा रानीअटारी में उत्पात मचाए जाने व इस दौरान मवेशियों को मौत के घाट उतार देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक लोनर हाथी अभी भी बीजाडांड सर्किल के जंगल मे है। अतः रानीअटारी, बीजाडांड सहित आसपास के ग्रामो में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। उधर केंदई रेंज के लालपुर परिसर में 13 तथा कापानवापारा में 7 हाथी विचरण कर रहे हैं जबकि एतमानगर के मड़ई परिसर में भी 18 से अधिक हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। केंदई रेंज के ढोढ़ाबहार में एक अन्य दल ने बस्ती में घुसकर दो ग्रामीणों के मकान को ढहा दिया।