दीपका प्रीमियर लीग का शानदार हुआ समापन

(कोरबा) दीपका प्रीमियर लीग का शानदार हुआ समापन

  • राठौर रॉयल्स ने 1 लाख 111 रुपए नगद पुरस्कार के साथ जीता खिताब
    कोरबा : कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में प्रगति नगर के श्रमवीर स्टेडियम में आयोजित दीपका प्रीमियर लीग क्रिकेट स्पर्धा के पहले सीजन का भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट में कुल पांच टीमों ने ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से भाग लिया। राठौर रॉयल्स, सर्विका राइडर्स, प्रगति लॉयन्स, आकाश वॉरियर्स और सोनी स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राठौर रॉयल्स ने खिताब अपने नाम किया।
    फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “दीपका प्रीमियर लीग जैसे आयोजन युवाओं के भीतर खेल भावना विकसित करते हैं, और उनकी प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। आयोजन समिति और खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।” विशिष्ट अतिथि तनवीर अहमद ने कहा कि “इस तरह के टूर्नामेंट खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को नई दिशा देने में मददगार साबित होते हैं।”
    मुख्य संरक्षक और आयोजक रोहित राठौर ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीम को सम्मानित करते हुए कहा, “हमारा उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। यह सफलता हम सभी के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।”