कांग्रेस और उनके साथियों को संविधान पर बोलने का कोई अधिकार नहीं : चिराग पासवान

कांग्रेस और उनके साथियों को संविधान पर बोलने का कोई अधिकार नहीं : चिराग पासवान

November 27, 2024 Off By NN Express

पटना । लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस और उनके साथियों को संविधान पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है ।

उन्होंने कहा कि इसका कारण भी है। यह वही कांग्रेस है, जिन्होंने 1975 में आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या करने का काम किया । उन्होंने कहा कि देश में अगर समय के किसी कालखंड में लोकतंत्र के हत्या की गई, तो वह सन 75 में आपातकाल लगाकर कांग्रेस की सरकार के द्वारा की गई।

उन्होंने कहा,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को सम्मान देने का काम किया। पीएम मोदी ने बाबा साहेब अंबेडकर से जुड़े स्‍थलों को पंचतीर्थ के तौर पर विकसित कर उनको सम्मान द‍िया। इसके बाद कांग्रेस और उनके घटक दलों को भीमराव अंबेडकर की याद आई।

उन्होंने कहा कि 1989 से पहले तक बाबा साहेब की एक तस्वीर भी भारत के संसद में नहीं थी। जिस संविधान की प्रति को आज के दौर में कांग्रेस के नेता हाथ में लेकर घूमने का काम करते हैं, इस संविधान के निर्माता की एक तस्वीर तक संसद में नहीं थी, जबकि कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं की तस्वीर थी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक ही परिवार के तीन-तीन नेताओं की तस्वीर पार्लियामेंट के सेंट्रल हॉल में लगी हुई थी। यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिन्होंने बाबा साहेब को हरवाने का काम किया। आज वही उनको संविधान के निर्माता के तौर पर याद आते हैं और वही संविधान याद आता है। इनको केवल झूठ बोलने का काम आता है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने झूठ बोला कि नरेंद्र मोदी अगर तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तो संविधान की हत्या हो जाएगी, आरक्षण खत्म हो जाएगा, लोकतंत्र समाप्त हो जाएगा। आज सरकार बने लगभग 6 महीने होने को है, बताइए किसका आरक्षण छीन लिया गया? कौन से लोकतंत्र की हत्या कर दी गई? सिर्फ झूठ बोलना कांग्रेस और उनके घटक दलों का काम है और यही कारण है क‍ि महाराष्ट्र जैसे राज्य में उनकी इतनी बड़ी हार होती है।