Home / Chhattisgarh / राहौद में सरकारी स्कूल के बच्चों के हाथों में ABVP का झंडा, नगर भ्रमण कराने पर उठे सवाल

राहौद में सरकारी स्कूल के बच्चों के हाथों में ABVP का झंडा, नगर भ्रमण कराने पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें:
  • आखिर किसकी अनुमति से विद्यार्थियों को संगठन का झंडा थमाकर कराया गया नगर भ्रमण? शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल

जांजगीर-चांपा, 22 नवंबर 2026। नगर पंचायत राहौद स्थित शासकीय माध्यमिक शाला का एक मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां स्कूली बच्चों के हाथों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का झंडा थमाकर पूरे नगर में भ्रमण कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सरकारी स्कूलों की मर्यादा, शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सरकारी विद्यालयों में बच्चे शिक्षा ग्रहण करने और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने आते हैं। विद्यालयों से अपेक्षा की जाती है कि वहां शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता और संवैधानिक मूल्यों का विकास हो। लेकिन जब स्कूली बच्चों को किसी संगठन का झंडा थमाकर नगर भ्रमण कराया जाता है, तो स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है कि आखिर इस गतिविधि का उद्देश्य क्या था?

क्या विद्यालय प्रबंधन की सहमति से बच्चों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया था? क्या अभिभावकों को इसकी जानकारी या अनुमति थी? क्या विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी है? यदि विद्यालय परिसर से बच्चों को इस गतिविधि के लिए ले जाया गया, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी बनती है?

फिलहाल, इस मामले में विद्यालय प्रबंधन का पक्ष और शिक्षा विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। अब निगाहें विकासखंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़ और जिला शिक्षा अधिकारी पर टिकी हैं। देखना होगा कि विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाता है या फिर यह मामला भी कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा।

सरकारी स्कूल शिक्षा के मंदिर हैं या संगठनों की गतिविधियों का मंच? राहौद की यह घटना शिक्षा विभाग के लिए गंभीरता से विचार करने और जवाबदेही तय करने का विषय है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *