रायपुर, 03 नवंबर 2026। दीपावली पर्व को देखते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने लाखे नगर स्थित हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड में लगी पटाखा दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया। 2 नवंबर को पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, पटाखों के सुरक्षित भंडारण और क्रय-विक्रय से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा।
फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का दिया प्रशिक्षण
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने पटाखा दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर यानी अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में तत्काल और सुरक्षित तरीके से आग बुझाने की प्रक्रिया समझाई गई।
वहीं, विद्युत विभाग ने दुकानदारों को बिजली के उपकरणों और वायरिंग में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुकानों में अग्निशमन यंत्र सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने और पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया।

संयुक्त टीम ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि आग लगने, बिजली से जुड़ी समस्या या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस, अग्निशमन विभाग और संबंधित विभाग को सूचना दें।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सभी पटाखा दुकानदारों से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें और जिम्मेदारी के साथ पटाखों का क्रय-विक्रय करें, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।







