रायपुर, 14 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पंडरी मेन रोड, पंडरी कपड़ा मार्केट और पंडरी बस स्टैंड से लोधीपारा चौक तक यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क की ओर सामान रखकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को समझाइश दी गई और सामान दुकानों के भीतर कराया गया। वहीं, सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले ठेले-खोमचों को भी हटाया गया।
इसके अलावा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 वाहनों के ई-चालान काटे गए। यातायात थाना पंडरी प्रभारी और उनकी टीम ने अभियान को अंजाम दिया।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ आगामी दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।







