कोरबा/बरपाली, 19 अक्टूबर । ग्राम पंचायत बरपाली में इस वर्ष का विराट दशहरा उत्सव भव्य और आकर्षक अंदाज में मनाया जाएगा। आयोजन समिति ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजन से भरपूर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर रात्रि 9 बजे भव्य रावण दहन किया जाएगा, जिसके बाद रात्रि 10 बजे से छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक निलेश जोगी अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां, विशाल रथ यात्रा, मोरिल्ला झांकी, कर्मा नृत्य सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं भव्य आतिशबाजी से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।

हर वर्ष की तरह इस बार भी बरपाली का दशहरा उत्सव आसपास के गांवों के हजारों श्रद्धालुओं और दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। धार्मिक परंपरा और लोक संस्कृति के संगम वाले इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत बरपाली के सरपंच भुवनेश्वर बिंझवार , पीयूष गुरुद्वान एवं समस्त पंचों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दशहरा उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।







