Home / Chhattisgarh / कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: पति के हमले में ढाई माह के मासूम की मौत, मां अस्पताल में भर्ती

कोरबा में दिल दहला देने वाली घटना: पति के हमले में ढाई माह के मासूम की मौत, मां अस्पताल में भर्ती

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलोरा गांव में घरेलू विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। चरित्र पर संदेह करने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी और महज ढाई माह के बेटे पर जलाऊ लकड़ी से हमला कर दिया। मां ने अपने हाथ से वार रोककर खुद को और बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमले के दौरान गोद में मौजूद मासूम के सिर पर गंभीर चोट लग गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल महिला का उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। सलोरा निवासी महिला ने कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति द्वारिका प्रसाद केंवट (29) उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर वह आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। घटना की रात महिला अपने छोटे बेटे सोमू को गोद में लेकर दूध पिला रही थी। इसी दौरान पति ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखी जलाऊ लकड़ी उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। महिला ने हाथ से वार रोकने और अपना सिर बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उसकी दाहिनी कलाई में चोट आई। वहीं, गोद में मौजूद ढाई माह के बेटे सोमू के सिर के बाएं हिस्से में लकड़ी से गंभीर चोट लग गई, जिससे वहां सूजन आ गई।

हमले के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर महिला के जेठ राजू केंवट और जेठानी सुमित्रा केंवट मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला। इसके बाद घायल मां और बच्चे को तत्काल कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। इस घटना से सलोरा गांव में शोक का माहौल है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *