Home / Chhattisgarh / रामपुर में निकला शिक्षा रथ, ग्रामीणों ने दान की 1622 शैक्षणिक सामग्री और 7320 रुपये

रामपुर में निकला शिक्षा रथ, ग्रामीणों ने दान की 1622 शैक्षणिक सामग्री और 7320 रुपये

कोरबा, 24 सितम्बर 2026। विकासखंड करतला के जोन रामपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा-मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत जरूरतमंद और वंचित छात्र-छात्राओं की शिक्षा में सहयोग के लिए शिक्षा रथ निकाला गया। जोन प्रभारी लतीफ खान अंसारी के नेतृत्व में शिक्षा रथ ने रामपुर क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में भ्रमण कर ग्रामीणों को अभियान से जुड़ने और जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा रथ के गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने स्वेच्छा से आगे आकर बच्चों की पढ़ाई के लिए शैक्षणिक सामग्री और नगद राशि का सहयोग किया। अभियान के तहत अब तक 497 कॉपी, 818 पेन, 173 पेंसिल, 2 स्कूली बैग, 14 रबर, 30 कटर, 16 पैकेट स्केच पेन, 6 कंपास बॉक्स, 3 बेल्ट, 2 पेंसिल बैग, 2 पानी की बोतल, 30 पहाड़ा बुक और 8 पैकेट कलर पेंसिल सहित कुल 1622 शैक्षणिक सामग्री एकत्रित हुई है। इसके अलावा ग्रामीणों ने 7320 रुपये नगद भी दान किए हैं।

इस पहल का उद्देश्य आर्थिक या अन्य कारणों से जरूरी शिक्षण सामग्री से वंचित बच्चों तक कॉपी-किताब और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाना है, ताकि उन्हें पढ़ाई जारी रखने में मदद मिल सके।

जोन प्रभारी लतीफ खान अंसारी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विकास के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। सक्षम लोगों द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। उन्होंने अभियान में उत्साहपूर्वक सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों के प्रति आभार जताया। अभियान के तहत प्राप्त सामग्री और राशि जरूरतमंद एवं वंचित छात्र-छात्राओं तक पहुंचाकर उनकी पढ़ाई में सहायता की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *