Home / Chhattisgarh / महासमुंद से रायपुर गांजा लेकर आ रहा तस्कर गिरफ्तार, कार से 2.3 किलो गांजा बरामद

महासमुंद से रायपुर गांजा लेकर आ रहा तस्कर गिरफ्तार, कार से 2.3 किलो गांजा बरामद

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महासमुंद से रायपुर गांजा लेकर आ रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 2.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। जब्त गांजा और कार समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में अवैध रूप से गांजा लेकर महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एएनटीएफ और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जोरा स्कूल के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम ने ट्रैप पार्टी लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की और पेट्रोलिंग के माध्यम से आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और वाहन को जोरा स्कूल के पास आते हुए पुलिस टीम ने पहचान लिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस टीम को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भीमसेन अग्रवाल बताया। पुलिस टीम ने जब कार की तलाशी ली तो उसके अंदर मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.300 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 06 GS 2321 जब्त की। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी भीमसेन अग्रवाल के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 392/26 के तहत धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीमसेन अग्रवाल पिता नवरंग लाल अग्रवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बल्दीडीह सांकरा, थाना सांकरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *