Home / Chhattisgarh / तेलीबांधा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में तीन जगहों से धारदार हथियारों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, चाकू-कटार बरामद

तेलीबांधा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में तीन जगहों से धारदार हथियारों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, चाकू-कटार बरामद

रायपुर, 11 सितम्बर 2026। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने और आम लोगों को डराने-धमकाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने लगातार कार्रवाई की है। तेलीबांधा पुलिस ने 10 और 11 सितंबर 2026 के बीच 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू और कटार बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमकर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत थाना तेलीबांधा की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों के धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई 10 सितंबर को तेलीबांधा के शटर गली के पास की गई। यहां पुलिस ने लोहे का धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को आतंकित करने के आरोप में 19 वर्षीय शुभम सोनवानी को गिरफ्तार किया। आरोपी जयश्री पोल्ट्री फार्म के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर का निवासी बताया गया है। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 394/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई 11 सितंबर को तेलीबांधा मुक्तिधाम के पास की गई। पुलिस ने यहां धारदार कटार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में 21 वर्षीय प्रतीक साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी जय जवान पोल्ट्री फार्म के पास तेलीबांधा, रायपुर का निवासी है। उसके कब्जे से लोहे की धारदार कटार जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 395/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

तीसरी कार्रवाई 11 सितंबर को शीतला तालाब, अवंति विहार के पास की गई। यहां पुलिस ने लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में 23 वर्षीय महेश सोना को गिरफ्तार किया। आरोपी मौलीपारा, चांदनी चौक, दुर्गा मंदिर गली, थाना तेलीबांधा, रायपुर का निवासी बताया गया है। उसके कब्जे से धारदार नोकदार चाकू बरामद किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 396/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।

तेलीबांधा पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने और आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरत रही है। पुलिस ने आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखने और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *