जांजगीर-चांपा,11 सितंबर । जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केरा में संचालित मयंक पैथोलैब में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। पैथोलैब किराए की दुकान में संचालित था। बताया जा रहा है कि बीती रात मकान मालिक ने दुकान संचालक को फोन कर दुकान में आग लगने की जानकारी दी।सूचना मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक पैथोलैब में रखा करीब 7 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुकान संचालक ने नवागढ़ थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







