Home / Chhattisgarh / बुंदेली में रातभर गूंजा ‘जय श्री श्याम’, 12वें श्याम महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

बुंदेली में रातभर गूंजा ‘जय श्री श्याम’, 12वें श्याम महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

कोरबा। ग्राम बुंदेली स्थित निर्माणाधीन श्री सालासर धाम परिसर में शनिवार को 12वां श्री श्याम महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 6:15 बजे शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन सुबह तक चला। रातभर परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजता रहा और बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।

श्री बालाजी सेवा संघ एवं श्री श्याम अखाड़ा परिसर में आयोजित महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। अखंड ज्योत, चुनरी उत्सव, इत्र वर्षा और छप्पन भोग आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। भजन प्रवाहकों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्ति में बांधे रखा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

महोत्सव का विशेष आकर्षण श्री श्याम रसोई रही, जहां श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजन के माध्यम से सेवा, समर्पण और आपसी अपनत्व का संदेश भी दिया गया। कोरबा के औद्योगिक परिवेश में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों से लोग शामिल हुए, जिससे आयोजन सामाजिक मेलजोल का भी माध्यम बना।

बुंदेली में आकार ले रहा निर्माणाधीन श्री सालासर धाम आने वाले समय में क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शिखर बंधन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर निर्माण की यह पहल क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ती जा रही है।

महोत्सव में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम कोरबा सभापति नूतन सिंह ठाकुर, समाजसेवी केदारनाथ अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अतिथियों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आयोजन में सहभागिता की और आयोजकों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *