जांजगीर चांपा, 14 सितम्बर 2026। जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत पकरिया (झूलन) में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बड़े नहर मुख्य मार्ग पुल के नीचे नहाने के दौरान एक मां और उसकी बेटी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं और पानी में बहने लगीं। दोनों को नहर में बहता देखकर मौके पर मौजूद तीन युवकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए नहर में छलांग लगा दी। युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया जा रहा है कि इन दिनों नहर में पानी का बहाव काफी तेज है। इसके बावजूद मां और बेटी नहाने के लिए नहर में पहुंची थीं। नहाते समय अचानक दोनों तेज धारा की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते पानी में बहने लगीं। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान पकरिया (झूलन) निवासी सत्येंद्र सूर्यवंशी (27), रामभरोस सारथी (26) और टोनी प्रकाश खूंटे (19) ने अदम्य साहस दिखाया। तीनों युवकों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल नहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच युवकों ने काफी मशक्कत कर मां और उसकी बेटी को संभाला और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
युवकों की तत्परता और साहस के कारण मां-बेटी की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते युवकों ने नहर में छलांग लगाकर दोनों को बचाने की कोशिश नहीं की होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों के साहस और मानवता की जमकर सराहना की। सत्येंद्र सूर्यवंशी, रामभरोस सारथी और टोनी प्रकाश खूंटे ने अपनी जान की परवाह किए बिना जिस तरह मां-बेटी को तेज बहाव से बाहर निकाला, वह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने युवकों के इस साहसिक प्रयास को मानवता और तत्परता की मिसाल बताया।
नहर में तेज बहाव को देखते हुए स्थानीय लोगों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील भी की है। खासकर नहाने या पानी के करीब जाने के दौरान बहाव की स्थिति को नजरअंदाज नहीं करने की जरूरत है, क्योंकि तेज धारा में मामूली लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।







