रायपुर/अंबिकापुर, 14 सितंबर 2026। अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर लोगों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सभी जिला कलेक्टरों को भी निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करें। जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य चलने, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्माणाधीन या बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर गड्ढे भरने, समतलीकरण और जल निकासी जैसे अंतरिम सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। स्थायी निर्माण कार्य मौसम के कारण प्रभावित होने पर भी सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। कलेक्टर अपने जिलों में अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री साय ने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। सड़क निर्माण कार्यों के कारण आम लोगों को लंबे समय तक असुविधा न हो, इसके लिए कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।







