जांजगीर-चांपा, 01 नवम्बर 2026। जांजगीर-चांपा जिले के नैला स्थित दुर्गा पंडाल के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को कुरदा निवासी मनुप्रताप पटेल अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AX-8456 से नैला स्थित दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गया था। उसने अपनी बाइक नहरियाबाबा मंदिर रोड स्थित एक दुकान के पास खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो मोटरसाइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने नैला चौकी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई मोटरसाइकिल तिल्दा क्षेत्र के दो युवक चला रहे हैं। सूचना के आधार पर नैला चौकी पुलिस की टीम ग्राम नेवरा, तिल्दा पहुंची और संदेह के आधार पर मुनेश्वर प्रसाद निषाद (20 वर्ष) तथा आयुष धीवर (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनेश्वर प्रसाद निषाद, निवासी वार्ड क्रमांक 07, नेवरा तथा आयुष धीवर, निवासी वार्ड क्रमांक 14, नेवरा, थाना तिल्दा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, प्रधान आरक्षक जगदीश अजय, राधेश्याम पूर्णा, आरक्षक संतोष प्रधान एवं डीकेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







