Home / Chhattisgarh / धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, ढाबे और तिराहे पर बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, ढाबे और तिराहे पर बिक्री करते दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 17 सितम्बर। जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत अर्जुनी और बिरेझर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से शराब के साथ बिक्री की रकम भी जब्त की है।

अर्जुनी थाना पुलिस को ग्राम अछोटा स्थित अपना फैमिली ढाबा के पास अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान राहुल सिंह राजपूत (27 वर्ष) को अवैध शराब बेचते पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 पौवा देशी शराब बरामद की, जिसकी कीमत 820 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 3,200 रुपये की रकम भी जब्त की गई। इस मामले में कुल 4,020 रुपये का सामान और नकदी जब्त करते हुए अपराध क्रमांक 130/26 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

इसी तरह थाना बिरेझर पुलिस को कटौली तिराहा के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी तोरण रात्रे (18 वर्ष 7 माह) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15 नग देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 1,500 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब बिक्री की 500 रुपये की रकम भी जब्त की। इस मामले में कुल 2,000 रुपये की जब्ती की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 299/26 के तहत धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *